* धरमजयगढ़ में नहीं थम रहा सड़क हादसों का सिलसिला बोलेरो की टक्कर से बलपेदा निवासी ग्रामीण गंभीर रूप से घायल, ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल *

धरमजयगढ़ (ब्यूरो समाचार)– धरमजयगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाएं न केवल आम जनजीवन को भयभीत कर रही हैं, बल्कि स्थानीय प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार शाम को एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की है, जब बल्पेदा निवासी धोबी राम राठिया अपने किसी कार्य से धरमजयगढ़ आया हुआ था। तभी फारेस्ट ऑफिस के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि धोबी राम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक बोलेरो को तेज़ गति से भगाकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की तत्परता, लेकिन प्रशासन की सुस्ती
घटना के तुरंत बाद आस-पास के ग्रामीणों ने घायल को सहायता पहुंचाई और आपातकालीन सेवा हालांकि 112 के पहुँचते पहुँचते ग्रामीण का काफी खून बह चुका था और उसकी स्थिति गंभीर बिगड़ चुकी थी!

इसके बाद घायल को धरमजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका सघन उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, धोबी राम के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बनी हुई है।

ट्रैफिक व्यवस्था पर बार-बार उठते रहे हैं सवाल
धरमजयगढ़ क्षेत्र में सड़कों पर यातायात नियंत्रण की गंभीर कमी लंबे समय से देखने को मिल रही है। ना तो ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती है, और ना ही स्पीड कंट्रोल के कोई पुख्ता उपाय किए गए हैं। अवैध वाहन संचालन, तेज रफ्तार, और अनियंत्रित ट्रैफिक के चलते यहाँ पहले भी कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं।

स्थानीय छात्र संगठन ने अनेक बार धरमजयगढ़ में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे लगाने की माँग की है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल अब तक नहीं की गई है। इस हादसे ने एक बार फिर व्यवस्था की लापरवाही को उजागर कर दिया है।

ग्रामीणों में आक्रोश, दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की माँग
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि घटना की गहन जांच कर दोषी वाहन चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। साथ ही, उन्होंने धरमजयगढ़ क्षेत्र में यातायात नियंत्रण को मजबूत करने, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, और सड़क सुरक्षा अभियान चलाने की भी माँग की है।
धरमजयगढ़ जैसे विकासशील क्षेत्र में इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाएँ केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, पूरे समाज को प्रभावित करती हैं। यदि ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाए और प्रशासन सजग रहे, तो इन हादसों में कमी लाई जा सकती है।
फिलहाल, घायल धोबी राम राठिया के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ, अब जिम्मेदारी प्रशासन की बनती है कि वह दोषियों पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सुरक्षित यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित करे।


जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles