*सीएम ने धरमजयगढ़ में लो वोल्टेज की समस्या के उपायों की दी जानकारी*

*विधायक लालजीत के सवाल पर विधानसभा में पेश किया गया ब्यौरा*
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या का मामला विधानसभा में भी पहुंच गया है। क्षेत्र के विधायक लालजीत राठिया ने वर्तमान विधानसभा सत्र में जनवरी 2025 की स्थिति में ट्रांसफार्मर लगाने हेतु प्राप्त आवेदन, बीते 2 वर्षों में लगाए गए ट्रांसफार्मर और लो वोल्टेज की समस्या के निवारण हेतु किए जा रहे उपायों को लेकर सवाल पूछे हैं। विधानसभा सत्र में लो वोल्टेज की समस्या के सवाल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विस्तृत जानकारी दी है।
धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या को लेकर विधायक लालजीत राठिया द्वारा पूछे गए सवालों पर प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय की ओर से विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया गया है कि धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जनवरी 2025 की स्थिति में लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर लगाने हेतु विगत दो वर्षों में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 33 नग ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपरोक्त के अतिरिक्त लो वोल्टेज की समस्या के निराकरण हेतु किए जा रहे उपायों की भी जानकारी दी गई है। लो वोल्टेज की समस्या का समाधान करने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी देते हुए विधानसभा में बताया गया है कि ग्राम हाटी में 220/132/33 के. व्ही. उपकेंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। 132/32 के. व्ही. उपकेंद्र पत्थलगांव से वर्तमान में 33 के. व्ही. धरमजयगढ़ फीडर की कंडक्टर क्षमता वृद्धि का कार्य स्वीकृत है। 133/32 के. व्ही. उपकेंद्र चपले से 33 के. व्ही. लाइन का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही 133/32 के. व्ही. उपकेंद्र पत्थलगांव से नया 33 के व्ही लाइन धरमजयगढ़ के कार्य हेतु निविदा प्रक्रियाधीन है। वहीं, 133/32 के. व्ही. उपकेंद्र चपले से पृथक 33 के व्ही लाइन कुड़ेकेला का काम प्रगति पर है।