*ईडी बनाम कांग्रेस: सियासी संग्राम तेज, घेराव की तैयारी*

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने ईडी पर भाजपा के इशारे पर काम करने और पार्टी नेताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस विरोध में कांग्रेस ने 3 मार्च को ईडी कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।
ईडी द्वारा सुकमा जिले में कांग्रेस कार्यालय के निर्माण से जुड़ी जानकारी मांगे जाने पर विवाद गहराता गया। इस मामले में जानकारी देने पहुंचे कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकित सिंह गेदू से ईडी ने 9 घंटे तक पूछताछ की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई है।
“ईडी को उसी की भाषा में देंगे जवाब” – कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ईडी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जांच में पूरा सहयोग करेगी, लेकिन यदि ईडी जबरदस्ती कांग्रेस नेताओं से दुव्यवहार करेगी, तो उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी विपक्ष की आवाज दबाने के लिए भाजपा का हथियार बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी के अधिकारी भी शासकीय कर्मचारी की मर्यादा भूलकर भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं।
कांग्रेस ने ईडी की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ा विरोध जताया है और ऐलान किया है कि 3 मार्च को सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी दफ्तर का घेराव किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह विवाद और अधिक उग्र रूप ले सकता है, जिससे छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया मोड़ आने की संभावना है।